ब्राउन शुगर के साथ छह आरोपित गिरफ्तार
रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। रजरप्पा थाना क्षेत्र में आगामी त्योहारों के मद्देनजर मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में रजरप्पा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन से जुड़े मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी, बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिंग की ओर आ रहे हैं। उनके पास ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। इसमें रजरप्पा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक कृष्ण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया। इसके बाद बोरोबिंग पुल के समीप बैरियर लगाकर महुआटांड़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की गई।
शाम करीब 7:45 बजे बोरोबिंग चेकनाका की ओर एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस बल की मदद से उन्हें रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान दिवाकर कुमार ठाकुर (28), कृष्णा नायक (32) और आनंद लकड़ा (20) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे दीपक रजक (19), आकाश सिंह उर्फ गोंदू (23) रजरप्पा प्रोजेक्ट स्टेडियम के पास और हेमंत राजभर (27) रजरप्पा प्रोजेक्ट से ब्राउन शुगर खरीदते थे। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि उक्त लोग रांची एवं आसपास के क्षेत्रों से ब्राउन शुगर खरीदकर महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर इसकी खरीद-बिक्री करते थे। पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर छापेमारी कर शेष तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। इसके अलावा दो स्कूटी/बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी जब्त सामग्रियों को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर अपने कब्जे में लिया है। इस मामले में रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, रंजीत कुमार महतो, रोहित राज सिंह, अमित कुमार (गोला थाना), तकनीकी शाखा रामगढ़ एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

