मोहर्रम जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 09 लोग झुलसे

WhatsApp Channel Join Now

देवघर, 27 जून (हि.स.)।

जिले के कुशमडीह गांव में शनिवार को मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ताजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से ताजिया उठा रहे नौ लोग करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहर्रम का ताजिया गांव से मेला स्थल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पांडेय दुकान के समीप ताजिया ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार से सट गया। तार के संपर्क में आते ही ताजिया में करंट दौड़ गया, जिससे उसे उठा रहे नौ लोग उसकी चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में रजाउल अंसारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story