रांची में 9 से 11 अप्रैल तक राष्ट्रीय मक्का अनुसंधान बैठक, 250 से अधिक वैज्ञानिक होंगे शामिल
रांची, 30 मार्च (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) और भारतीय मक्का अनुसंधान संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में मक्का से संबंधित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना की राष्ट्रीय समूह की बैठक 9 से 11 अप्रैल तक बीएयू परिसर में आयोजित की जाएगी।
आयोजन सचिव और बीएयू के आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग की अध्यक्ष डॉ. मणिगोपा चक्रवर्ती ने सोमवार को बताया कि इस बैठक में देशभर के 37 विश्वविद्यालयों में कार्यरत वैज्ञानिकों के साथ-साथ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधिकारी भी भाग लेंगे। कुल मिलाकर करीब 250 विशेषज्ञ इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक के उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव सह आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगीलाल जाट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, बीएयू के कुलपति डॉ. एससी दुबे और आईसीएआर के उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) डॉ. डीके यादव इस सत्र की अध्यक्षता करेंगे।
इस तीन दिवसीय बैठक में मक्का की खेती के क्षेत्र, उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही जलवायु परिवर्तन के अनुकूल (क्लाइमेट स्मार्ट) मक्का किस्मों के विकास पर भी मंथन होगा।
इसके अलावा, पिछले वर्ष देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों में मक्का अनुसंधान एवं विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी और भविष्य के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

