हरमू गौशाला में महातुलादन महोत्सव 19 को
रांची, 06 अप्रैल (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच, समर्पण शाखा रांची की ओर से महातुलादन महोत्सव के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह महोत्सव आगामी 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के अवसर पर हरमू गौशाला में आयोजित होगा। शाखा के अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में सत्र 2026-27 की नई कमिटी के गठन के साथ ही इस विशेष कार्यक्रम की घोषणा की गई है।
यह जानकारी मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति की जारी करते हुए दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 11 जोड़े अपने वजन के अनुसार तुलादान करेंगे। शाखा सचिव रेखा राइका ने बताया कि हिंदू धर्म, विशेषकर मारवाड़ी समाज में गौ सेवा और तुलादान का विशेष महत्व है। इस परंपरा के अंतर्गत व्यक्ति को तराजू के एक पलड़े में बैठाकर उसके वजन के बराबर अन्न, गुड़, घी या अन्य सामग्री का दान किया जाता है, जिससे आध्यात्मिक उन्नति, मानसिक शांति एवं पुण्य की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में शामिल जोड़े पूजा-अर्चना के साथ गौ माता की सेवा कर दान करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संयोजिका निकिता जालान, गौ सेवा प्रभारी सौम्या सामोता एवं संयोजिका कविता सोमानी के देखरेख में होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

