मां शारदे मंच के वार्षिकोत्सव में पौधारोपण और निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
मां शारदे मंच के वार्षिकोत्सव में पौधारोपण और निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित


रांची, 04 जून (हि.स.)।

मां शारदे मंच और गरुड़ आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में गुरूवार को नामकुम प्रखंड के रामपुर गांव स्थित धूमकुड़िया पंचायत में मां शारदे मंच का वार्षिकोत्सव सामाजिक सरोकार और जनसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर निःशुल्क नेत्र जांच शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन करते हुए 100 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। यह जानकारी देते हुए मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कहा कि प्रकृति को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मानव सेवा ईश्वर सेवा के समान है। समाजहित में किए जाने वाले कार्यों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए। नीतू सिन्हा ने बताया कि मंच समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है और आगे भी समाज के कल्याण के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मोतियाबिंद, दृष्टिदोष, अंधेपन की समस्या, निकट दृष्टि संबंधी कठिनाइयों और चश्मा एवं कॉन्टैक्ट लेंस की आवश्यकता जैसी समस्याओं की जांच की। ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाते हुए स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान मंच के सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में रामपुर की मुखिया सरस्वती देवी सहित शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, रजनी बक्शी, रेनू वर्मा, पुष्पा सिंह, समीर सिन्हा, मनोज सिन्हा, शशांक श्रीवास्तव, मार्ग्रेट सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story