नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अंबेडकर पुरस्कार से किया गया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अंबेडकर पुरस्कार से किया गया सम्मानित


रांची, 02 मई (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को राष्ट्रीय अम्बेडकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मजदूर दिवस के अवसर पर उनके रांची स्थित आवास पर एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार बहुजन साहित्य अकादमी द्वारा दिया जाता है, जो समाज के दलित, गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करती है। इस वर्ष बाबूलाल मरांडी को उनके सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया।

शनिवार को अम्बेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स के अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अकादमी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल बांसफोर ने स्वयं उनके आवास पहुंचकर यह पुरस्कार भेंट किया। इस दौरान उन्होंने मरांडी के सामाजिक योगदान और वंचित वर्गों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मरांडी का चयन 15 मार्च 2026 को तिरुपति स्थित जीएसकेआर भवन, बैरागीपट्टेदा में आयोजित अकादमी के 18वें राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान किया गया था। हालांकि किसी कारणवश उस समय उन्हें सम्मान प्रदान नहीं किया जा सका, जिसके बाद यह सम्मान उनके रांची स्थित आवास पर जाकर सौंपा गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के गरीब, दलित और वंचित वर्गों के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने इसे उन्हीं वर्गों को समर्पित करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा है।

इस अवसर पर कई सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सम्मान को झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story