अपराधी ने लूट के प्रयास में ग्रामीण का तोड़ा हाथ, गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अपराधी ने लूट के प्रयास में ग्रामीण का तोड़ा हाथ, गिरफ्तार


दुमका, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरसडंगाल कब्रिस्तान के पास गुरुवार काे लूटपाट का मामला सामने आया है।

अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि दिन-दहाड़े लूट की नीयत से एक व्यक्ति का हाथ तोड़ दिया गया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपित को मौके से ही धर दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार, लोड़ी पहाड़ी गांव के रहने वाले ताला बास्की सरसडंगाल बाजार से सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे। दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर सरसडंगाल कब्रिस्तान के समीप पहले से घात लगाए बैठे देवघर जिले के धर्मेंद्र सिंह ने उन्हें अकेला पाकर छीनतई का प्रयास किया। जब ताला बास्की ने इसका विरोध किया और अपनी संपत्ति बचाने की कोशिश की, तो आरोपित धर्मेंद्र ने बर्बरता दिखाते हुए उनका हाथ मरोड़ दिया, जिससे उनका हाथ टूट गया।

घटना के बाद पीड़ित ताला बास्की दर्द से तड़पने लगे और चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपित को भागने से पहले ही चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना शिकारीपाड़ा थाना पुलिस को दी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची और आरोपित को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित धर्मेंद्र सिंह शिकारीपाड़ा इलाके में स्थित एक स्टोन क्रशर प्लांट में मजदूरी करने आया था। घटना के समय वह अत्यधिक शराब के नशे में धुत था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story