एसएसपी आवास के पास मिला लंबा सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी आवास के पास मिला लंबा सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया


एसएसपी आवास के पास मिला लंबा सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया


रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। रांची के एसएसपी आवास की दीवार से सटे एक पेड़ पर रविवार को लंबे सांप के दिखने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी।

सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और तत्परता दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पेड़ पर सांप देखे जाने की सूचना रांची के डीएफओ श्रीकांत तक पहुंची। उन्होंने तुरंत स्नेक कैचर रमेश कुमार महतो को मौके पर भेजा। सूचना मिलते ही रमेश महतो घटनास्थल पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक पेड़ से सांप को नीचे उतारकर सुरक्षित कब्जे में ले लिया। स्नेक कैचर रमेश महतो ने बताया कि यह सांप रैट स्नेक कहा जाता है, जो इंसानों के लिए बिल्कुल भी खतरनाक नहीं होता। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह के सांप दिखने पर घबराने की बजाय वन विभाग को सूचित करें।

रैट स्नेक आमतौर पर लंबाई में काफी बड़े होते हैं और पेड़ों पर आसानी से चढ़ सकते हैं। ये विषैले नहीं होते और पर्यावरण के लिए बेहद उपयोगी माने जाते हैं। इनका मुख्य भोजन चूहे होते हैं, जिससे खेती और घरों में चूहों की समस्या कम होती है। मार्च से जून के बीच इनकी गतिविधियां बढ़ जाती हैं। इस दौरान ये पक्षियों के घोंसलों तक पहुंचकर अंडे और बच्चों को भी खा जाते हैं।

रमेश महतो ने बताया कि मेटिंग सीजन के कारण इन दिनों रैट स्नेक ज्यादा सक्रिय और भूखे रहते हैं। इसी वजह से वे पेड़ों और आबादी वाले इलाकों में भी नजर आ सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story