रांची में अड्डेबाजी करने वालों की खैर नहीं, 50 जगहों पर एक साथ पुलिस ने की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
रांची में अड्डेबाजी करने वालों की खैर नहीं, 50 जगहों पर एक साथ पुलिस ने की छापेमारी


रांची, 29 अगस्त (हि.स.)। रांची शहर में पब्लिक प्लेस पर हुड़दंग, खुले में शराब पीने, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस ने शनिवार शाम विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, ओटीसी ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड और मोरहाबादी मैदान सहित कई प्रमुख स्थानों पर जांच की। इसके अलावा धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी परिसर, रिंग रोड से जुड़े सुनसान रास्तों, खाली प्लॉट और निर्माणाधीन क्षेत्रों में भी पुलिस की टीम पहुंची।

शराब दुकानों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने शराब दुकानों के नजदीक स्थित ढाबों, गुमटियों और अन्य स्थानों पर खुले में शराब पीने और उपद्रव करने वालों की जांच की।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अभियान के दौरान 100 से अधिक लोगों को पकड़ा गया। इनमें खुले में शराब पीने, संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने और हुड़दंग करने वाले लोग शामिल थे। पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त चेतावनी और हिदायत देकर छोड़ा। पकड़े गए लोगों के नाम-पता पुलिस ने दर्ज किए।

अभियान की मॉनिटरिंग के लिए एसपी और डीएसपी स्वयं अलग-अलग इलाकों में फील्ड पर मौजूद रहे और थाना प्रभारियों तथा सशस्त्र पुलिस बल के साथ जांच अभियान को संचालित किया।

सिटी एसपी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों, मनचलों और आदतन अपराधियों पर नकेल कसना, खुले में नशाखोरी, फब्तियां कसने और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले उपद्रव को रोकना है। पुलिस ने खास तौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story