जीपीओ से दो लॉजिस्टिक्स पोस्ट ट्रक रवाना, ग्राहकों को मिली बेहतर परिवहन सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
जीपीओ से दो लॉजिस्टिक्स पोस्ट ट्रक रवाना, ग्राहकों को मिली बेहतर परिवहन सुविधा


रांची, 04 जून (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग की लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा के तहत गुरूवार को रांची जीपीओ से दो पूर्ण ट्रक लोड (एफटीएल) पार्सल सफलतापूर्वक रवाना किया गया।

इनमें एक ट्रक रांची से तोरपा और दूसरा रांची से कोलेबिरा के लिए भेजा गया। विभाग ने इसे लॉजिस्टिक सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह जानकारी देते हुए रांची जीपीओ के संदीप कुमार ने बताया कि भारतीय डाक की लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा व्यवसायिक संस्थानों, ई-कॉमर्स विक्रेताओं, उद्योग और आम ग्राहकों को सुरक्षित, समयबद्ध और किफायती परिवहन सुविधा दे रही है।

इस सेवा के माध्यम से बड़े पैमाने पर माल और पार्सल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुगमता से पहुंचाया जा रहा है। डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा की बढ़ती मांग को देखते हुए परिवहन नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच माल परिवहन को आसान बनाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी इससे गति मिल रही है। विभाग का कहना है कि विश्वसनीयता, व्यापक नेटवर्क और समय पर डिलीवरी के कारण भारतीय डाक की लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा ग्राहकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है और भविष्य में भी इसकी पहुंच और सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story