लोजपा (रामविलास) ने बाबा साहेब की जयंती पर किया नमन
रामगढ़, 15 अप्रैल (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश सचिव केवल पासवान के नेतृत्व में बुधवार को रामगढ़ शहर दुसाध मुहल्ला स्थित पासवान धर्मशाला में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
मौके पर प्रदेश सचिव केवल पासवान ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर का मानना था कि शिक्षा वह चाबी है जो बंद दिमाग और बंद दरवाजे, दोनों को खोल देती है। अगर आप जागरूक और आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, तो पढ़ना और सीखना कभी न छोड़ें।
केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि सही और गलत में फर्क करना सीखें। बाबा साहेब के लिए समानता सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि जीने का तरीका था। आज के युवाओं की यह जिम्मेदारी है कि वे जात पात और भेदभाव जैसी पुरानी सोच को चुनौती दें। अन्याय के खिलाफ अकेले लड़ने के बजाय एकजुट होना सीखें। अपने देश के कानून और संविधान को समझें, क्योंकि यही हम सभी को मजबूती देता है। उनका सबसे मशहूर मंत्र था शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो।
इस अवसर पर एससी एसटी मोर्चा के रामगढ़ जिलाध्यक्ष गणेश पासवान, श्याम सुंदर प्रसाद, राजकिशोर पासवान, अरुण पासवान, शंभू प्रसाद, रघुनंदन पासवान उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

