देवघर में 105 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में 105 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, दो गिरफ्तार


देवघर, 18 जुलाई (हि.स.)। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधीक्षक उत्पाद, देवघर के निर्देश पर पथरौल थाना पुलिस के सहयोग से पथरौल थाना क्षेत्र के हड़हंजा गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री स्थलों से 105 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब एवं शराब बनाने के लिए तैयार 800 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।

छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त बब्लू हांसदा और विनोद हांसदा को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद विभाग के अनुसार, इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story