सीमित और सुनियोजित परिवार बेहतर स्वास्थ्य और समाज के विकास की आधारशिला : सीएस

WhatsApp Channel Join Now
सीमित और सुनियोजित परिवार बेहतर स्वास्थ्य और समाज के विकास की आधारशिला : सीएस


देवघर, 11 जुलाई (हि.स.)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग, देवघर की ओर से सदर अस्पताल परिसर में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन (सीएस) डॉ रमेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या विकास की गति को प्रभावित करती है। सीमित और सुनियोजित परिवार बेहतर स्वास्थ्य, आर्थिक समृद्धि और समाज के सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी सभी साधन निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं और लोगों से इन सेवाओं का लाभ उठाकर छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य केवल जनसंख्या वृद्धि पर चिंता व्यक्त करना नहीं, बल्कि प्रजनन स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। जागरूक नागरिक ही स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम से पूर्व सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई, जिसे सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) प्रवीण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रशिक्षु एएनएम की ओर से निकाली गई प्रभात फेरी के माध्यम से शहरवासियों को छोटे परिवार, सुरक्षित मातृत्व, परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ संचयन, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ मनोज गुप्ता, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ सुषमा वर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ केके सिंह ने भी परिवार नियोजन को जन-जन तक पहुंचाने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story