रिम्स में हुई दाे जटिल कैंसर की सफलतापूर्ण सर्जरी

WhatsApp Channel Join Now
रिम्स में हुई दाे जटिल कैंसर की सफलतापूर्ण सर्जरी


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग ने बुधवार को दो जटिल कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक कर गंभीर मरीजों को नई जिंदगी दी है।

दोनों ऑपरेशन विभागाध्यक्ष डॉ अजीत कुशवाहा और डॉ रोहित झा के नेतृत्व में किए गए। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ दीपाली और सर्जिकल टीम के अन्य चिकित्सकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रिम्स में अब सिर और गर्दन, फेफड़े, लिवर, गैस्ट्रो, स्त्री रोग, स्तन और यूरो-ऑन्कोलॉजी से जुड़े जटिल कैंसर ऑपरेशन नियमित रूप से किए जा रहे हैं। पिछले एक वर्ष में विभाग ने 495 से अधिक जटिल कैंसर सर्जरी सफलतापूर्वक कर पूर्वी भारत में कैंसर उपचार के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।

विभाग की ओर से बताया गया कि पहले मामले में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की 46 वर्षीय महिला के लिवर के बाएं हिस्से में स्थित विशाल हेपैटोसेल्युलर कार्सिनोमा (लिवर कैंसर) का सफल ऑपरेशन किया गया। लंबे समय से पेट दर्द और लिवर बढ़ने की समस्या से पीड़ित मरीज की विस्तृत जांच के बाद ट्यूमर निकालने के लिए सफल सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है।

वहीं दूसरे मामले में हजारीबाग की 40 वर्षीय महिला के बाएं मुख्य श्वासनली में स्थित दुर्लभ पल्मोनरी कार्सिनॉयड ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। लगातार खांसी, खून आना, सांस लेने में तकलीफ और वजन घटने जैसी समस्याओं से जूझ रही मरीज के फेफड़े में ट्यूमर के कारण अवरोध पैदा हो गया था। सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर है और रिकवरी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story