वामदल राज्य भर में एमएमडीआर विधेयक की 25 से जलाएंगे प्रतियां

WhatsApp Channel Join Now
वामदल राज्य भर में एमएमडीआर विधेयक की 25 से जलाएंगे प्रतियां


रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। राज्य के सभी छह वामदलों भाकपा, माकपा, भाकपा (माले), एसयूसीआई (सी), फारवर्ड ब्लाक और आरएसपी खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक (एमएमडीआर)-2026 के खिलाफ पूरे राज्य में संडकों पर उतरेंगे। यह निर्णय बुधवार को माकपा राज्य कार्यालय में आयोजित वामदलों की संयुक्त बैठक में लिया गया।

बैठक में तय किया है कि 25 से 31 अगस्त के बीच राज्य के सभी जिलों के प्रखंडों, पंचायतों और नगर निकायों में संयुक्त रूप से इस विधेयक की प्रतियां जलायी जायेंगी। सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ सभा होगी और राजधानी रांची के लोकभवन पर प्रदर्शन आयोजित कर राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों का घेराव और झारखंड बंद की घोषणा की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता भाकपा (माले) के राज्य सचिव मनोज भक्त ने की।

बैठक में भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक, अशोक यादव, माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, प्रफुल्ल लिंडा, समीर दास, सुखनाथ लोहरा, अमल आजाद बीना, भाकपा (माले) के शुभेंदु सेन, सुदामा खलको, एसयूसीआई (सी) के मिंटू पासवान और दिलीप कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story