बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विभिन्न दलों के कई नेता और समाजसेवी भाजपा में हुए शामिल
- प्रदेश कार्यालय में हुआ मिलन समारोह- नए सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
रांची, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को विभिन्न दलों के कई नेताओं और नेत्रियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की ओर से आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में नए सदस्यों का स्वागत किया गया। इनमें सरायकेला, हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर जिले के विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता तथा समाजसेवी शामिल हैं।
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले कई नेता जनसंघ और भाजपा से जुड़े परिवारों की पृष्ठभूमि से आते हैं। ऐसे में वे नए सदस्य नहीं, बल्कि अपने परिवार में लौटकर आए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इनके जुड़ने से संगठन मजबूत होगा और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मरांडी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सेवा और अंत्योदय है। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान से प्रेरित होकर लोग संगठन से जुड़ रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी को वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
पार्टी में शामिल हुए खगेन महतो ने कहा कि वह भाजपा और जनसंघ के नेता हिकीम चंद्र महतो के परिवार से आते हैं। इसलिए भाजपा उनके रग-रग में बसी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झंडे के नीचे आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है और वह जीवनभर संगठन के लिए काम करेंगे।
झारखंड के वरिष्ठ नेता रहे समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रहित के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इसी दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने संगठन के लिए सेवा और समर्पण के भाव से काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने सभी नए सदस्यों को ऑनलाइन सदस्यता दिलाई। पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से भवानी गोप, हरि सिंह, हरिपाल महतो, कैलाश प्रामाणिक, उत्तम कुमार, मिंटू गुप्ता, संजय मंडल, क्षितिज कुमार, मालिन्दर कालिंदी, छूटूलाल महतो, सुभाष महतो, बिंदु देवी, हरिपद सिंह, जितेंद्र प्रामाणिक, पवन शर्मा, रामकृष्ण सिंह और हरिनारायण सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।
मौके पर सरायकेला-खरसावां के जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, पप्पू वर्मा, प्रतुल शाहदेव, सूरज चौरसिया, सूरज शाहदेव और बिजय कोइरी सहित अन्य उपस्थित थे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

