बाबूलाल मरांडी ने अमित शाह को लिखा पत्र, संथाल परगना में घुसपैठ की जांच और डिटेंशन सेंटर की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बाबूलाल मरांडी ने अमित शाह को लिखा पत्र, संथाल परगना में घुसपैठ की जांच और डिटेंशन सेंटर की मांग


बाबूलाल मरांडी ने अमित शाह को लिखा पत्र, संथाल परगना में घुसपैठ की जांच और डिटेंशन सेंटर की मांग


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में एक बार फिर बांग्लादेशी घुसपैठिए को चिन्हित कर बाहर भेजने की मांग तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बांग्लादेशी घुसपैठ, तीव्र जनसांख्यिकीय बदलाव, सरकारी और आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जा कर निवास कर रहे बांग्लादेशी घुसपैठी मुस्लिमों की पहचान करते हुए डिटेंशन सेंटर में तत्काल रखने और इनके निर्वासन के संबंध में उचित कदम उठाने की मांग की है।

तीन पृष्ठों के इस पत्र में बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र विशेषकर पाकुड़, राजमहल, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर एवं अन्य कई विधानसभा क्षेत्रों में तेजी से बिगड़ते आंतरिक सुरक्षा की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने इस क्षेत्र के परिदृश्य और जनसांख्यिकीय बदलाव की ओर इशारा करते हुए लिखा है कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच के आधिकारिक मतदाता आंकड़े को बिन्दुवार एवं विस्तृत रूप से देखने पर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कैसे एक विशेष समुदाय की आबादी तेजी से बढ़ रही है। बाबूलाल मरांडी ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और स्थानीय जनजातीय अस्मिता के लिए गंभीर खतरा बताया।

उन्होंने पत्र में संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम का खुला उल्लंघन करते हुए मुस्लिम समुदाय विशेष के द्वारा सरकारी जमीन, गोचर भूमि और गरीब आदिवासियों की पैतृक भूमि पर सुनियोजित तरीके से कब्जा किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि फर्जी वंशावली, जाली आधार कार्ड और अवैध जन्म प्रमाण पत्र बनाकर इन बाहरी घुसपैठियों को स्थापित किया जा रहा है। इसमें उन्होंने राज्य के सत्तारूढ़ दल और स्थानीय प्रशासन के एक वर्ग द्वारा अपने सुरक्षित ‘वोट बैंक‘ को सुरक्षित करने के लिए अवैध घुसपैठियों को खुला राजनीतिक संरक्षण देने का जिक्र किया।

बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर संथाल क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र का विस्तृत ब्यौरा दिया है जो इस प्रकार है।

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 24% की वृद्धि हुई, जिसमें एक विशेष वर्ग के मतदाताओं की वृद्धि दर 40.9% दर्ज की गई, जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर मात्र 11.4% रही।

लिट्टीपाड़ा एवं महेशपुर विधानसभा क्षेत्र: लिट्टीपाड़ा में कुल मतदाता वृद्धि 10.6% में से संबंधित वर्ग की वृद्धि 35.5% रही। महेशपुर में कुल 13.1% की वृद्धि में संबंधित वर्ग की वृद्धि 24.7% रही, जबकि अन्य की वृद्धि मात्र 9.4% पर सिमट गई।

जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 23.6% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 32.1% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 22.7% रही।

मधुपुर विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 21.9% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 31.5% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 17.6% रही।

बरहेट विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 18.4% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 40.3% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 15.0% रही।

राजमहल विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 21.3% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 25.9% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 17.6% रही।

जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 20.7% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 25.7% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 18.7% रही।

सारठ विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 19.8% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 24.2% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 18.3% रही।

नाला विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 12.2% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 40.3% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 10.0% रही।

पौड़ेयाहाट विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 17.5% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 34.3% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 15.5% रही।

महगामा विधानसभा क्षेत्र:- कुल मतदाताओं की संख्या में 16.2% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 25.4% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 12.0% रही।

दुमका विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 6.5% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 33.2% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 3.7% रही।

महेशपुर विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 13.1% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 24.7% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 9.4% रही।

गोड्डा विधानसभा क्षेत्र: कुल मतदाताओं की संख्या में 12.8% की वृद्धि हुई जिसमें एक वर्ग विशेष के मतदाताओं की वृद्धि दर 24.1% दर्ज की गई जबकि अन्य मतदाताओं की वृद्धि दर 9.6% रही।

जनजातीय आबादी का ह्रास: 2001 और 2011 की जनगणना के संदर्भ से लेकर अब तक पाकुड़ व साहिबगंज में मुस्लिम आबादी में तीव्र बढ़ोतरी हुई है, जबकि मूलवासी एवं आदिवासी समाज की आबादी का अनुपात लगातार घट रहा है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में संथाल परगना के सभी सीमावर्ती जिलों में विशेष अभियान चलाकर अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को चिन्हित करने की मांग की। इसके लिए 2003-2004 के पुराने खतियान व भू-अभिलेखों के आधार पर वंशावली का तकनीकी सत्यापन कराने का आग्रह किया। इसके अलावा संथाल परगना प्रमंडल में तत्काल एक सुसज्जित ‘डिटेंशन सेंटर‘ स्थापित करने का आग्रह किया है ताकि चिन्हित किए गए सभी अवैध घुसपैठियों को हिरासत में रखकर उनके निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story