जगन्नाथपुर मंदिर प्रहरी हत्याकांड पर गरमाई सियासत, बाबूलाल मरांडी ने सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
जगन्नाथपुर मंदिर प्रहरी हत्याकांड पर गरमाई सियासत, बाबूलाल मरांडी ने सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर के गर्भगृह की सुरक्षा में तैनात प्रहरी की हत्या के बाद राज्य की सियासत तेज हो गई है। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घटना की सूचना से वे स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में यह वारदात हुई है, वहां विधानसभा और उच्च न्यायालय जैसे अत्यंत संवेदनशील संस्थान स्थित हैं। ऐसे हाई सिक्योरिटी जोन में मंदिर परिसर के भीतर घुसकर हत्या हो जाना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों के भीतर मंदिर के आसपास दो हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि रांची पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

मरांडी ने पुलिस की कार्यप्रणाली की तुलना “सांप निकल जाने के बाद लाठी पीटने” वाली स्थिति से करते हुए कहा कि पुलिस केवल घटना के बाद सक्रिय होती है, जबकि अपराध रोकने की जिम्मेदारी पहले की होती है।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले पर चुप्पी तोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की खामोशी अपराधियों और अयोग्य पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ा रही है। यदि सरकार समय रहते सख्त कदम नहीं उठाती है, तो कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है।

मरांडी ने मांग की कि इस मामले में दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और एसपी व एसएसपी स्तर के अधिकारियों से जवाब लिया जाए। साथ ही अयोग्य अधिकारियों को तत्काल हटाकर पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि राजधानी में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story