ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई और साला, 20-20 दिन का मांगा समय

WhatsApp Channel Join Now
ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई और साला, 20-20 दिन का मांगा समय


रांची, 25 अगस्त (हि.स.)। कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई विश्व विजय सिंह और साला रंजीत कुमार सिंह मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। दोनों ने ईडी को पत्र भेजकर पूछताछ के लिए 20-20 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। विश्व विजय सिंह को 25 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 24 अगस्त को ईडी के समक्ष उपस्थित होना था।

बताया गया कि निर्धारित तिथि पर दोनों में से कोई भी ईडी कार्यालय नहीं पहुंचा। इसके बजाय दोनों की ओर से ईडी को पत्र भेजकर निर्धारित समय पर उपस्थित होने में असमर्थता जताई गई और 20-20 दिन का समय देने का अनुरोध किया गया।

यह दूसरी बार है जब विश्व विजय सिंह और रंजीत कुमार सिंह ने ईडी से पूछताछ के लिए समय मांगा है। इससे पहले दोनों ने एक-एक महीने का समय देने का अनुरोध किया था। उनके आवेदनों पर विचार करने के बाद ईडी ने उन्हें एक-एक सप्ताह का समय दिया था।

पहली बार समय मांगने के दौरान दोनों ने अपने परिवार में बीमारी का हवाला दिया था। विश्व विजय सिंह और रंजीत कुमार सिंह ने अपनी मां और भाई की बीमारी का उल्लेख करते हुए ईडी के समक्ष पेश होने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी।

अब निर्धारित अवधि में भी दोनों के पेश नहीं होने के बाद एक बार फिर 20-20 दिन का समय मांगा गया है। दोनों के नए अनुरोध पर ईडी क्या निर्णय लेती है, यह आगे महत्वपूर्ण होगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story