सीसीए विद्यासारथी का शुभारंभ, 60 छात्रों को मिलेगी जेइइ-एनइइटी की फ्री कोचिंग

WhatsApp Channel Join Now
सीसीए विद्यासारथी का शुभारंभ, 60 छात्रों को मिलेगी जेइइ-एनइइटी की फ्री कोचिंग


रांची, 27 सितंबर (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल ‘सीसीएल विद्या सारथी 2026' का शुभारंभ रविवार को सीसीएल के लाल हॉस्टल, गांधीनगर में हुआ।

इस योजना में रांची केंद्र के 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें अगले दो वर्षों तक जेईई और एनईईटी की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।

सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में संचालित इस महत्वाकांक्षी शैक्षणिक पहल में कुल 400 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इसके लिए कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, रांची, अरगड़ा, हजारीबाग और पिपरवार स्थित 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों का चयन किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से विषयवार प्रशिक्षण के साथ अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित टेस्ट एवं मूल्यांकन और निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। पहल का उद्देश्य कमांड क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। रांची में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थी अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ शामिल हुए।

इस अवसर पर सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) एसएस लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, राष्ट्रीय कंप्यूटर साक्षरता मिशन (एनसीएसएम) के प्रतिनिधि और सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली के फैकल्टी सदस्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story