झारखंड में मिशन परिवार विकास अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ
रांची, 18 जून (हि.स.)।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के तहत गुरुवार को मिशन परिवार विकास अभियान 2026 के प्रथम चरण का राज्यव्यापी शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों में उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर विशेष जागरूकता एवं परिवार नियोजन गतिविधियों का आयोजन किया गया।
एनएचएम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अभियान के दौरान एएनएम, सहिया, सहिया साथी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने योग्य दम्पतियों और समुदाय के लोगों को परिवार नियोजन के महत्व की जानकारी दी।
इसके साथ ही अस्थायी एवं स्थायी गर्भनिरोधक साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा परिवार नियोजन सेवाओं के संबंध में परामर्श प्रदान किया गया। जरूरतमंद लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, जन्म के बीच उचित अंतराल को बढ़ावा देना तथा परिवारों को स्वस्थ और योजनाबद्ध जीवन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है।
जिसके तहत नवविवाहित दम्पतियों, किशोर-किशोरियों एवं प्रजनन आयु वर्ग के लोगों को सही समय पर विवाह, पहले बच्चे के जन्म में उचित अंतराल तथा दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने आमजन से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल परिवार निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

