मोबाइल के लिए दोस्त की हत्या, 40 दिन बाद जंगल से मिला कंकाल

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल के लिए दोस्त की हत्या, 40 दिन बाद जंगल से मिला कंकाल


लातेहार, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव से 15 अगस्त से लापता छोटू कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

डीएसपी प्रदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि मोबाइल को लेकर हुए विवाद में उसके तीन दोस्तों ने गला दबाकर उसकी हत्याकर शव को कुमंडीह जंगल में फेंक दिया था। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार को जंगल से कंकाल बरामद किया।

डीएसपी ने बताया कि छोटू के लापता होने के बाद उसके पिता ने मनिका थाना में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

उसकी निशानदेही पर दो अन्य युवकों को भी पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस कुमंडीह जंगल पहुंची, जहां से कंकाल बरामद हुआ। डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि मनिका निवासी प्रेमचंद भुइयां, शिवम भुइयां और 17 वर्षीय एक किशोर ने छोटू से मोबाइल छीन लिया था। छोटू जब अपना मोबाइल वापस मांगने लगा तो विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद शव को जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में प्रेमचंद भुइयां और शिवम भुइयां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, 17 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

मामले के उद्भेदन में थाना प्रभारी विक्रांत कुमार उपाध्याय, अनुसंधानकर्ता अवनीश कुमार समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story