झारखंड में लातेहार सबसे ठंडा और चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में लातेहार सबसे ठंडा और चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा


- लातेहार में न्यूनतम तापमान 11.2 और चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज- अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं

रांची, 13 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान लातेहार सबसे ठंडा, जबकि चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा। लातेहार में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में रांची सहित कई जिलों के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई।

शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 15.5 डिग्री था। इसी तरह जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान गुरुवार के 20.2 डिग्री से घटकर शुक्रवार को 19.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इधर, रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान कुछ साफ हुआ। बादल छाए रहने के कारण दिन में हल्की कनकनी महसूस हुई, जबकि धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.7 और न्यूनतम 19.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 29.8 और न्यूनतम 16.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 16.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story