लातेहार के जंगलों में सर्च अभियान, दो राइफल, 63 कारतूस और आईईडी के कंटेनर बरामद

WhatsApp Channel Join Now
लातेहार के जंगलों में सर्च अभियान, दो राइफल, 63 कारतूस और आईईडी के कंटेनर बरामद


लातेहार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों ने दो दिनों तक संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर हथियार, कारतूस और आईईडी से संबंधित सामग्री बरामद की है।

अभियान के दौरान दो राइफल, 63 कारतूस और आईईडी के दो स्टील कंटेनर सहित अन्य सामान मिले। शुक्रवार को महुआडांड़ थाना परिसर में प्रेस वार्ता करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पूजा कुमारी और सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की टीम बनाकर छापामारी की गई थी।

लगातार दो दिनों तक चले अभियान के क्रम में थाना क्षेत्र के विभिन्न जंगली इलाकों में सर्च अभियान के दौरान दो रेगुलर राइफल, जिंदा गोलियां सहित अन्य सामग्री बरामद हुए। डीएसपी पूजा कुमारी ने बताया कि जंगल में हथियार किन लोगों ने छुपा कर रखा था इसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी भी छापामारी अभियान जारी है। प्रेस वार्ता के दौरान थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास सहित पुलिस और एसएसबी के अन्य जवान उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story