सड़क दुर्घटना में आदिम जनजाति की मौत, विरोध में 20 घंटे सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में आदिम जनजाति की मौत, विरोध में 20 घंटे सड़क जाम


लातेहार, 09 जून (हि.स.)। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बिरहोर टोला के समीप सोमवार की रात तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक आदिम जनजाति इंद्रदेव बिरहोर (70) की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग 20 घंटे तक सड़क जाम रखा।

मंगलवार की शाम को जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी की पहल पर प्रशासन, ग्रामीणों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के बाद जाम समाप्त कर दिया गया।

सथानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात इंद्रदेव बिरहोर घर से बाहर पानी लेने निकले थे। इसी दौरान हाइवा की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद नाराज लोगों ने देर रात से ही सड़क जाम कर दिया था। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीण मुआवजा और सड़क पर कोयला परिवहन में लगे गाड़ियों के परिचालन पर रोक की मांग कर रहे थे। बाद में लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी की उपस्थिति में ग्रामीणों के साथ वार्ता हुई। करीब चार घंटे तक चली बातचीत के बाद पीड़ित परिवार को तत्काल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। साथ ही वाहन की बीमा कंपनी से नियमानुसार अतिरिक्त मुआवजा दिलाने, मृतक की पत्नी को कंपनी की ओर से तीन हजार रुपये मासिक आजीवन पेंशन और सरकारी विधवा सम्मान पेंशन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। मृतक के पुत्र को रोजगार देने और बिरहोर टोला में पेयजल सुविधा के लिए बोरिंग कराने पर भी सहमति बनी।

वार्ता के दौरान अनीता देवी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने भारी वाहनों की तेज गति पर नियंत्रण, चालकों से अत्यधिक लंबे समय तक ड्यूटी लेने की व्यवस्था की समीक्षा और अवैध प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म और अतिरिक्त लाइटों के उपयोग पर कार्रवाई की मांग की।बैठक में स्कूली समय के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण, निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन, क्षेत्र में 50 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने और निगरानी के लिए 10 स्थानीय गार्डों की नियुक्ति पर भी सहमति बनी। वार्ता के बाद लगभग 20 घंटे के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

Share this story