वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 40 लाख नगद बरामद
लातेहार, 04 फ़रवरी (हि.स.) लातेहार जिला मुख्यालय में बुधवार की शाम चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक कार से लगभग 40 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने इसकी पुष्टि की और कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
दरअसल नगर निकाय चुनाव को लेकर शहरी इलाकों में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसी के मद्देनजर शहरी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। बुधवार की शाम जांच अभियान के दौरान एक कार की जांच के क्रम में एक बैग बरामद हुआ, जिसमें 40 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। बरामद पैसों को पुलिस ने जब्त कर लिया और मामले की सूचना बड़े अधिकारियों को दी गई।
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि बरामद पैसों की जांच की जा रही है कि आखिर उक्त पैसे कहां से ले जा रहे थे और उसका क्या उपयोग होना था। जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

