श्रद्धा के साथ मनाई गई रामविलास पासवान की पुण्यतिथि

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धा के साथ मनाई गई रामविलास पासवान की पुण्यतिथि


देवघर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिला लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के तत्वावधान में पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार देवघर के टावर चौक स्थित एक होटल में किया गया।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित नेताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव सह देवघर जिला प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने कहा कि रामविलास पासवान भारतीय राजनीति के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, वंचितों, शोषितों एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

वरीय नेता सह प्रदेश उपाध्यक्ष (युवा) लालमणि झा ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपने संघर्ष, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के माध्यम से देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचारों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मौके पर जिला अध्यक्ष कुमार सौरभ, प्रदेश सचिव टाइगर रमेश सिंह, जगन्नाथ पासवान, विजय शंकर मठपति, विक्की कुमार मठपति, राजीव ठाकुर, नकूल पंडित, जमुना दास सहित सभी प्रखंड अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी और दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story