जमीन देने के नाम पर 09 लाख की ठगी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
दुमका, 24 अगस्त (हि.स.)। जमीन देने के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 09 लाख रुपये लेने और जमीन नहीं देने का मामला सामने आया है। इस मामले में नगर थाना दुमका में रामनाथ गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता सदीप कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि जमीन के लिए अलग-अलग तारीखों में चेक के माध्यम से कुल 09 लाख रुपये दिए गए, लेकिन रकम लेने के बाद न तो जमीन दी गई और न ही पैसे लौटाए गए। शिकायत के अनुसार, 14 फरवरी 2025 को सदीप कुमार वर्मा ने दो चेक के माध्यम से कुल 05 लाख रुपये रामनाथ गुप्ता को दिए। इसके बाद 12 मार्च 2025 को तीन अलग-अलग चेक के जरिए 04 लाख रुपये और दिए गए। इस तरह कुल 09 लाख रुपये का भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस जमीन को देने की बात कही गई थी, वह विवादित है।
जमीन को लेकर पहले से टाइटल सूट सहित न्यायालय में मामला चल रहा है और कई लोगों को कोर्ट से नोटिस भी जारी हो चुका है।
सदीप कुमार वर्मा का आरोप है कि विवादित जमीन की जानकारी सामने आने के बाद जब उन्होंने रामनाथ गुप्ता से अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने न तो जमीन उपलब्ध कराई और न ही पैसे लौटाए। शिकायत में एक ही जमीन को कई लोगों को बेचने या बेचने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रामनाथ गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

