अवकाश नगदीकरण का भुगतान नहीं होने पर एचईसी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
रांची, 16 अगस्त (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने एचईसी प्रबंधन की ओर से अवकाश संबंधी जारी अधिसूचना पर आपत्ति जताते हुए कर्मचारियों के लंबित अवकाश नगदीकरण की राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की है।
रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में लालदेव सिंह ने कहा कि एचईसी प्रबंधन कर्मचारियों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपेक्षा करता है, लेकिन खुद अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन ने कर्मचारियों को अर्जित अवकाश पर जाने से पहले इसकी मंजूरी लेना अनिवार्य किया है, लेकिन दूसरी ओर स्वीकृत अवकाश नगदीकरण की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में कई कर्मचारी अवकाश से लौटने के बाद भी अवकाश मंजूरी के लिए आवेदन देते थे। इसके बावजूद प्रबंधन ने सैकड़ों कर्मचारियों के अवकाश नगदीकरण के आवेदन मंजूर किए। कर्मचारियों ने प्रबंधन के निर्धारित नियमों के तहत ही नगदीकरण के लिए आवेदन किया था।
लालदेव सिंह ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने आवेदन मंजूर करने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खाते से नगदीकृत अवकाश की राशि घटा दी, लेकिन उसके बदले मिलने वाली रकम का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जब प्रबंधन कर्मचारियों से नियमों का पालन करने की अपेक्षा करता है, तो उसे भी अपने स्तर पर नियमों और दायित्वों का पालन करना चाहिए। उन्होंने स्वीकृत अवकाश नगदीकरण की लंबित राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की।
यूनियन उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एचईसी प्रबंधन ने जल्द लंबित भुगतान नहीं किया तो यूनियन इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

