रांची के मैरेज पैलेस में शादी के दौरान लगभग 30 लाख की चोरी, सीसीटीवी के आधार पर तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 03 मई (हि.स.)। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मैथन मैरेज पैलेस में शादी समारोह के दौरान नकदी और जेवरात से भरे बैग की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रविवार की है, जिसके बाद पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राथमिकी के अनुसार, नामकुम निवासी विजय कुमार पांडेय अपनी पुत्री का विवाह मैथन मैरेज पैलेस में कर रहे थे। जयमाला के दौरान उनकी पत्नी मंजु पांडेय के पास रखा बैग, जिसमें नकद रुपये, सोने के जेवरात और एक मोबाइल फोन था, एक अज्ञात युवक लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक आरोपित का कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित विजय पांडेय ने मैरेज पैलेस प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समारोह में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनके अनुसार चोरी की कुल राशि करीब 25 से 30 लाख रुपये के बीच है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story