ऊर्जा विभाग की नियमावली सार्वजनिक नहीं होने पर श्रमिक संघ नाराज, आंदोलन की दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
ऊर्जा विभाग की नियमावली सार्वजनिक नहीं होने पर श्रमिक संघ नाराज, आंदोलन की दी चेतावनी


रांची, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने ऊर्जा विभाग द्वारा बहाली और सेवा शर्तों की नियमावली तैयार किए जाने के बावजूद उसे सार्वजनिक नहीं करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सरकार से इसे जल्द सार्वजनिक करने की मांग की है।

सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में अजय राय ने कहा कि नियमावली को सार्वजनिक नहीं करना बहाली प्रक्रिया में अपारदर्शिता को दर्शाता है। इससे हजारों आउटसोर्सिंग कर्मियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द स्थिति स्पष्ट नहीं करती है, तो संघ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल रोजगार की नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों की भी है। राय ने आरोप लगाया कि वर्षों से विभाग में कार्यरत तकनीकी और गैर-तकनीकी कर्मियों की अनदेखी की जा रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

संघ ने मांग की है कि नई नियमावली को तुरंत सार्वजनिक किया जाए और उसमें आउटसोर्सिंग कर्मियों के समायोजन या नियमितीकरण का स्पष्ट प्रावधान किया जाए। साथ ही नई बहाली में वर्तमान कर्मियों को प्राथमिकता, सेवा सुरक्षा, उचित वेतन और वैधानिक लाभ सुनिश्चित किए जाएं।

अजय राय ने कहा कि बीते विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ही यह स्पष्ट हो गया था कि राज्य का ऊर्जा विभाग बहाली और सेवा शर्तों से संबंधित नई नियमावली तैयार कर चुका है। इसके बावजूद अब तक इसे सार्वजनिक नहीं किया जाना श्रमिकों के साथ छलावा प्रतीत होता है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story