श्रम से ही मनुष्य की पहचान और राष्ट्र का निर्माण संभव : निर्मला

WhatsApp Channel Join Now
श्रम से ही मनुष्य की पहचान और राष्ट्र का निर्माण संभव : निर्मला


रांची, 01 मई (हि.स.)। ब्रह्माकुमारी संस्थान के स्थानीय सेवा केन्द्र चौधरी बगान, हरमू रोड में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्रम के सम्मान, आत्मजागृति और व्यसनमुक्ति का संदेश दिया गया।

मौके पर केन्द्र प्रशासिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि श्रम से ही मनुष्य की पहचान होती है और श्रम से ही राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसलिए श्रमिकों का सम्मान करना हर समाज का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि कोई कार्य छोटा नहीं होता, बल्कि विचार छोटे होते हैं। श्रमिक भाई-बहनों को स्वयं को शोषण से बचाने तथा जीवन को नष्ट करने वाली गलत आदतों और व्यसनों से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार, गैर-सरकारी संस्थाएं और विभिन्न संस्थानों को समय-समय पर निःशुल्क व्यसनमुक्ति शिविर लगाकर श्रमिकों को जागरूक करना चाहिए।

निर्मला बहन ने कहा कि भगवान ने किसी को मजदूर बनाकर नहीं भेजा, सभी आत्माएं जन्मजात मालिक और राजा स्वरूप हैं। जब मनुष्य आत्मचेतना में रहकर कर्म करता है तो कर्म बोझ नहीं, आनंद बन जाता है।

इस अवसर पर श्रद्धालु सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story