अनियंत्रित केटीएम बाइक खड़े वाहन से टकराई, युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित केटीएम बाइक खड़े वाहन से टकराई, युवक की मौत


धनबाद, 17 अगस्त (हि.स.)। बलियापुर थाना क्षेत्र के बीबीएम कॉलेज के समीप सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान निरसा के डुमरिया आखबेड़िया निवासी बिपुल कुमार महतो के रूप में हुई है। बिपुल केटीएम बाइक से बीबीएम कॉलेज आए थे। कॉलेज के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बिपुल कुमार महतो अपने घर से बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज जाने के लिए केटीएम बाइक से निकले थे। कॉलेज में काम पूरा करने के बाद उन्हें धनबाद जाना था। इसी दौरान बीबीएम कॉलेज के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिपुल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। बलियापुर पुलिस ने घायल युवक को आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जिस अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हुई, वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त केटीएम बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा

Share this story