क्षत्रिय समाज की समस्याओं को लेकर मंच करेगा संघर्ष : प्रवीण

WhatsApp Channel Join Now
क्षत्रिय समाज की समस्याओं को लेकर मंच करेगा संघर्ष : प्रवीण


रांची, 05 नवंबर (हि.स.)। क्षत्रिय गौरव मंच की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को हरमू में आयोजित की गई। बैठक में समाज की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक समस्याओं पर चर्चा हुई।

बैठक में मंच के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा कि राजपूत समाज के लोग चाहे किसी भी राजनीतिक दल या सामाजिक संगठन से जुड़े हों, उन्हें समाजहित में एक मंच पर एकजुट रहना चाहिए। क्षत्रिय समाज को एक मंच पर आकर एकजुट समस्याओं को लेकर मुखर होना होगा। समाज की हर समस्याओं पर मंच एकजुटता के साथ संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामूहिक समाधान करना है।

उन्होंने कहा कि आज जमीन संबंधी समस्याओं से न सिर्फ क्षत्रिय समाज, बल्कि पूरा झारखंड जूझ रहा है। इसके बावजूद सरकार की ओर से समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में जमीन से जुड़े मामलों को लेकर उच्चाधिकारियों से मिलकर समस्याओं के समाधान की पहल की जाएगी। समाज के लोगों को जहां भी परेशानी होगी, मंच उनके सहयोग और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और राजपूत समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही युवाओं के लिए क्रीड़ा संघ गठित करने, संगठन संचालन में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने, जमीन विवादों के समाधान के लिए अधिकारियों से मिलने और संगठन विस्तार का निर्णय लिया गया।

वहीं मौके पर खूंटी जिला अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने शिक्षा पर जोर देते हुए जिला स्तर पर स्कूल और कॉलेज खोलने की आवश्यकता बताई।

बैठक में संरक्षक विजय लाल नाथ शाहदेव, रामप्रवेश सिंह, मनोज कुमार सिंह सहित केंद्रीय पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और समाज के अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story