माराशिली पहाड़ पर क्षत्रिय महासंघ का मिलन समारोह, समाज की एकजुटता पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
माराशिली पहाड़ पर क्षत्रिय महासंघ का मिलन समारोह, समाज की एकजुटता पर जोर


रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड क्षत्रिय महासंघ की ओर से रविवार को माराशिली पहाड़ पर संगठन विस्तार सह मिलन समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, शिक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान नामकुम प्रखंड कमेटी का गठन भी किया गया।

महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन से कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने की जरूरत है। केंद्रीय महासचिव हरिशंकर सिंह ने कहा कि जरूरत के समय राजपूत समाज एकजुट होकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने, ताकि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी मजबूत हो सके।

उपाध्यक्ष राधाचरण सिंह ने कहा कि समाज की एकता ही उसके अस्तित्व और सुरक्षा का आधार है। क्षत्रिय समाज को शिक्षा, सामाजिक कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सदस्यों से प्रतिमाह कम से कम 100 रुपये कोष में जमा करने की अपील की। ताकि समाज के सुख दुख में जमा कोष समय पर काम आ सके। उन्होंने समाज के लोगों से शराब से दूर रहने का संकल्प लेने को भी कहा।

महिला वक्ताओं प्रीति सिंह और लवली राय सहित अन्य ने शिक्षा को मजबूत बनाने एवं सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने की जरूरत बताई। वक्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था में असमानता का आरोप लगाते हुए राजनीतिक दलों से न्यायसंगत नीति अपनाने की मांग की।

कार्यक्रम में संरक्षक रामप्रवेश सिंह, मनोज सिंह, राधाचरण सिंह, लवली राय, राजेश सिंह, अखिलेश्वर सिंह सहित राज्य के विभिन्न जिलों से आए राजपूत समाज के लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766782 Articles

Share this story