रामगढ़ में दो दिनों में दो चेन लूट की घटनाएं,एयरफोर्स अधिकारी भी बने निशाना
रामगढ़, 06 जून (हि.स.)। रामगढ़ शहर में कोढ़ा गैंग का आतंक एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों में दो महिलाओं के गले से चेन छीनने की घटनाओं ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। शनिवार को शिवाजी रोड पर एयरफोर्स के विंग कमांडर और उनकी पत्नी को धमका कर चेन लूट ली गई। इस वारदात को बाइक सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गांधी स्कूल के पास रहने वाले एयरफोर्स विंग कमांडर प्रसून कुमार सिंह राजस्थान के जोधपुर स्थित एयरफोर्स स्टेशन में तैनात हैं। शनिवार सुबह वे अपनी पत्नी पल्लवी सिंह के साथ मॉर्निंग वॉक के बाद आर्मी स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान काले रंग की बाइक (जेएच01बीएन7071) पर सवार अज्ञात व्यक्तियों ने निर्मल एजेंसी के पास उन्हें रोक लिया। बाइक सवारों के हाथ में चाकू था। उन्होंने दंपति को धमकाया और हमला करने का प्रयास भी किया। इसी बीच विंग कमांडर की पत्नी के गले से लगभग 10 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर वे फरार हो गए।
इसी तरह कोढ़ा गैंग के अपराधियों ने रांची रोड, मरार स्थित रामा ग्लास के पास भी एक महिला के गले से चेन छीन ली। पीड़िता अपने बच्चों को ट्यूशन से लेकर घर लौट रही थी। इस मामले में उनके पति सुमित अग्रवाल ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शाम के समय उनकी पत्नी बेटे के साथ घर लौट रही थीं। तभी मरार स्थित निप्पू चौधरी के घर के पास एक बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उनके गले से चेन छीन ली और फरार हो गए।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सभी घटनाओं के फुटेज पुलिस के पास मौजूद हैं। घटना में प्रयुक्त बाइक और आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

