अपहरण कांड का खुलासा, जंगल से युवक सकुशल बरामद
देवघर, 29 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही इस कांड में शामिल चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव निवासी तिजारत अंसारी (33) का 23 अप्रैल को अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद उसे मधुबन जंगल (हिरोडीह-अर्जुना के बीच) ले जाया गया और मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही देवघर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सत्यापन किया और मधुबन जंगल में सर्च अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने अपराधियों का पीछा करते हुए अपहृत तिजारत अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से फिरौती की राशि में से 4500 रुपये नगद और कांड में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में ललित यादव, अमित यादव और विवेक कुमार और पांडव कुमार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और सभी के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

