खेरबैड़ा डैम टूटने से खेतों में घुसा पानी, फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
खेरबैड़ा डैम टूटने से खेतों में घुसा पानी, फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग


रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सिल्ली प्रखंड के गोडाडीह पंचायत क्षेत्र स्थित खेरबैड़ा डैम शनिवार को बढ़ते जलस्तर के दबाव में अचानक टूट गया। डैम टूटने के बाद पानी का तेज बहाव गोडाडीह, सातपालु, रायकोचा सहित आसपास के कई इलाकों में फैल गया। इससे खेतों में लगी धान समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, लोटा-गोडाडीह मुख्य मार्ग भी घंटों प्रभावित रहा और आवागमन बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

डैम टूटने की घटना के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने प्रभावित इलाकों का तत्काल सर्वे कराने और किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।

महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि डैम की मेड़ से पिछले कई दिनों से पानी का रिसाव हो रहा था। उनके अनुसार, यदि प्रशासन ने समय रहते रिसाव की सूचना पर संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाया होता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि प्रशासन तत्काल नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को चिह्नित करे और उन्हें समुचित मुआवजा व राहत उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि सिल्ली क्षेत्र में अधिकांश किसानों की आजीविका खेती पर निर्भर है। फसलों की व्यापक क्षति की भरपाई नहीं होने पर किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

महतो ने प्रशासन से प्रभावित ग्रामीणों और किसानों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराकर राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story