छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार बना रही भाजपा : केशव महतो कमलेश

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार बना रही भाजपा : केशव महतो कमलेश


रांची, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की ओर से राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर लगाए गए आरोपों की आलोचना की है। उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश कर रही है।

केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा को यदि छात्रों के हित की इतनी ही चिंता है तो उसे पहले केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में युवाओं के साथ हुए अन्याय पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े हैं और संसद से सड़क तक उनकी आवाज उठा रहे हैं। साथ ही, वे छात्रों से सीधे संवाद भी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा का राहुल गांधी से सवाल पूछना हास्यास्पद है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा से सवाल किया कि पिछले वर्षों में देश में हुए पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं की अव्यवस्था के मुद्दे पर पार्टी ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से कितनी बार जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा को छात्रों के दर्द पर घड़ियाली आंसू बहाना बंद करना चाहिए। झारखंड के छात्र अपने अधिकार और भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस छात्रों की जायज मांगों, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के पक्ष में मजबूती से खड़ी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान राजनीतिक नारेबाजी से नहीं, बल्कि गंभीर बातचीत और संवेदनशील निर्णय के जरिए होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story