रामगढ़ में पेट्रोल पंपों पर मिलेगा केरोसिन

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में पेट्रोल पंपों पर मिलेगा केरोसिन


रामगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति में बाधाओं के बीच केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए देश के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर केरोसिन की बिक्री की अनुमति दे दी है। इस फैसले का असर अब रामगढ़ में भी दिखेगा, जहां आम लोगों को वैकल्पिक ईंधन के रूप में राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ में बढ़े तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी सहित ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी संभावित संकट से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने यह अस्थायी व्यवस्था लागू की है।

क्या है नया प्रावधान?

नए नियमों के तहत अब जिले के चयनित पेट्रोल पंपों पर सरकारी तेल कंपनियों को अधिकतम 5000 लीटर तक केरोसिन स्टॉक रखने और उसकी बिक्री करने की अनुमति दी गई है। यह व्यवस्था फिलहाल आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए 60 दिनों के लिए लागू की गई है।

आम जनता को राहत

इस फैसले से खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिलने की संभावना है, जो अभी भी खाना पकाने और रोशनी के लिए केरोसिन पर निर्भर हैं। पेट्रोल पंपों से सीधी बिक्री शुरू होने से कालाबाजारी पर भी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा का स्वागत और आभार

भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला इकाई ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त ने कहा कि केंद्र सरकार हर परिस्थिति में जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह निर्णय उसी दिशा में एक ठोस कदम है।उन्होंने यह भी कहा कि “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। रामगढ़ की जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है, ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

अफवाहों से बचने की अपील

स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story