अंतरराष्ट्रीय सरोद वादन कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय सरोद वादन कार्यक्रम का आयोजन


चतरा, 22 नवंबर (हि.स.)।

झारखंड साहित्य सभा के बैनर तले डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सह अंतरराष्ट्रीय सरोद वादन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

साहित्य, संगीत और हास्य की त्रिवेणी में श्रोता देर रात तक गोते लगाते रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर कुमार पंडित, झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह पूर्व सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी मनोज चंद्रा, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन कुमार, प्रेमलता चंद्रा एवं अमित कुमार साहू उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन झारखंड साहित्य सभा के सचिव रविकांत शुभम् ने किया। नेपाल से पहुंचे सुप्रसिद्ध सरोद वादक पंडित सुदर्शन राजोपाध्याय ने अपनी मधुर सरोद वादन प्रस्तुति से पूरे परिसर को संगीतमय बना दिया। उनकी सुमधुर धुनों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मुंबई से आए कवि राजू चौरसिया ने अपने गीतों से श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया। इटारसी के हास्य कवि बृजकिशोर पटेल ने अपनी हास्य रचनाओं से लोगों को खूब हंसाया और ठहाके लगाने पर विवश किया। स्थानीय कवि सतीश कुमार मिश्र ने अपनी जनवादी कविताओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को आवाज दी, जबकि इटखोरी की कवयित्री सुशीला कुमारी ने नारी चेतना और जागृति पर आधारित कविताओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। रवीन्द्र प्रसाद दैवज्ञ ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से भगवान शिव की महिमा का बखान किया। वहीं कवि डॉ. रविकांत शुभम् ने अपनी हुंकार भरी कविताओं से श्रोताओं में जोश भर दिया। उनकी रचनाओं पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभा की अध्यक्ष डॉ. लता मानकर प्रियदर्शिनी ने अपने गीतों और गजलों की शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनकी मधुर आवाज पर पूरा परिसर झूम उठा। साहित्य और संगीत से सजी इस शाम ने चतरा के सांस्कृतिक माहौल को यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story