माता वैष्णो देवी मंदिर में 29 को होगा करवा चौथ व्रत

WhatsApp Channel Join Now
माता वैष्णो देवी मंदिर में 29 को होगा करवा चौथ व्रत


रामगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में गुरुवार को करवा चौथ व्रत कथा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम अपराह्न तीन बजे से शुरू होगा। इसकी जानकारी पंजाबी हिन्दू बिरादरी के महासचिव महेश मारवाह ने बुधवार को दी।

उन्होंने बताया कि करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। इस अवसर पर व्रतधारी महिलाओं को मां करवा की कथा सुनाने के लिए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। माता वैष्णों देवी मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा पारंपरिक विधि-विधान के साथ महिलाओं को करवा चौथ व्रत की कथा सुनाएंगे।

महेश मारवाह ने बताया कि कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला करवा चौथ व्रत पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की मंगलकामना से जुड़ा है। इस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं तथा चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण करती हैं।

उन्होंने सभी व्रतधारी महिलाओं से निर्धारित समय पर माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचकर व्रत कथा श्रवण करने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर पंजाबी हिन्दू बिरादरी के पदाधिकारियों की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story