डॉ. करमा उरांव के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : शिल्पी तिर्की

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. करमा उरांव के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : शिल्पी तिर्की


-28 छात्रावासों की टीमों के बीच फुटबॉल टूर्नामेंट शुरू, डॉ. करमा उरांव के विचारों से जुड़ने का आह्वान

रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने शनिवार को स्वर्गीय डॉ. करमा उरांव स्मृति अंतर आदिवासी छात्रावास फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में कुल 28 छात्रावासों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबला वीर बुधु भगत आत्मा छात्रावास-ए और यदुवंश छात्रावास, करम टोली के बीच खेला गया, जिसमें वीर बुधु भगत आत्मा छात्रावास-ए ने 2-1 से जीत दर्ज की।

इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डॉ. करमा उरांव जैसे महान शिक्षाविद और समाजचिंतक के विचारों एवं योगदान को झारखंड ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने नई पीढ़ी से उनके विचारों को समझने और उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि छात्रावासों में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है। उन्हें अपने गांव और समाज में ज्ञान, जागरूकता और नेतृत्व का माध्यम बनना चाहिए। विद्यार्थियों को जल, जंगल और जमीन के साथ ग्राम सभा, पेसा कानून तथा अपने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहने की जरूरत है।

पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने इस मौके पर कहा कि यह आयोजन महज फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि डॉ. करमा उरांव के विचारों और उनके योगदान से नई पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. करमा उरांव के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान को पढ़ने तथा समझने की अपील की।

समारोह में शांति उरांव, रमा खलखो, लक्ष्मी नारायण मुंडा, शिवा कच्छप, नीरज भोक्ता, प्रो. हरि उरांव और शीतल उरांव सहित कई लोग मौजूद थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story