रांची समाहरणालय में धूमधाम से मना करमा पूर्व संध्या समारोह, डीसी और एसएसपी ने की प्रकृति पूजा की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
रांची समाहरणालय में धूमधाम से मना करमा पूर्व संध्या समारोह, डीसी और एसएसपी ने की प्रकृति पूजा की सराहना


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। रांची समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में शुक्रवार को करमा पूर्व संध्या समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान समाहरणालय कर्मियों ने पारंपरिक पगड़ी और शॉल भेंट कर दोनों अधिकारियों का स्वागत किया।

समारोह में समाहरणालय कर्मियों की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक करमा गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभागार को सांस्कृतिक गरिमा और उत्साह से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान डीसी मंजूनाथ भजन्त्री खुद को रोक नहीं पाए और मांदर बजाकर अपनी खुशी जाहिर की, जिससे पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि करमा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, वेशभूषा, खान-पान और प्रकृति के प्रति लोगों के गहरे लगाव की सराहना की। डीसी ने कहा कि हमें आदिवासी समुदाय से सीखना चाहिए कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर कैसे जिया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story