केंद्रीय सरना समिति ने उपायुक्त से करम पर्व के आयोजन को लेकर मांगी मदद

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय सरना समिति ने उपायुक्त से करम पर्व के आयोजन को लेकर मांगी मदद


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। राजधानी में करम पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और धूमधाम से आयोजित करने को लेकर केंद्रीय सरना समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने किया। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने प्रत्येक करम अखाड़े में मिट्टी-मुरूम डस्ट डालने, पानी, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा अखाड़ों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पूजा के दिन बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक, पूर्ण शराबबंदी और रांची शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा की मांग भी रखी गई।

समिति ने प्रत्येक अखाड़े में ढोल-नगाड़ा और मांदर उपलब्ध कराने के साथ चना, गुड़, अरवा चावल और मिट्टी तेल उपलब्ध कराने और लाल पाड़ साड़ी, धोती और गंजी वितरण की मांग की।

इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने कहा कि करम पूजा आदिवासी समाज का महत्वपूर्ण प्राकृतिक पर्व है और इसके माध्यम से रूढ़िवादी परंपरा एवं संस्कृति को संरक्षित करने का काम किया जाता है। उन्होंने चर्च परिसरों में करम डाल गाड़ने के मामले में भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की और कहा कि इससे आदिवासियों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं।

मौके पर उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों पर गौर करने और उचित मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक भुवनेश्वर लोहरा, महासचिव संजय तिर्की, वरीय उपाध्यक्ष प्रमोद एक्का, विनय उरांव, सोहन कच्छप, पंचम तिर्की सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story