लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने के लिए केशव महतो दिल्ली रवाना

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने के लिए केशव महतो दिल्ली रवाना


रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुए।

उनके साथ राज्य के सभी जिलों से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। राज्य के विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विशेष बसों से दिल्ली के लिए रवाना हुए।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राज्य के सभी जिलों में पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिला मुख्यालयों से लेकर प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए हैं।

बस, ट्रेन और निजी वाहनों से हजारों कांग्रेसजन दिल्ली पहुंच रहे हैं।

राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, उसकी आवाज, उसकी स्वतंत्रता और संविधान की मूल भावना का सम्मान करने वाली व्यवस्था है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और देश की संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को बनाए रखना बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769672 Articles

Share this story