कांग्रेस के झारखंड के सह प्रभारी की माता के निधन पर कमलेश ने जताया शोक
रांची, 03 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और झारखंड के सह प्रभारी डॉ प्रसाद सिरिवेला की माता सिरिवेला सुनीता जॉन प्रसाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
केशव महतो कमलेश ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति के जरिए जारी शोक संदेश में कहा कि सुनीता जॉन प्रसाद एक समर्पित, कर्मनिष्ठ और आदर्श शिक्षिका थीं। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई और अनेक विद्यार्थियों के जीवन को सकारात्मक दिशा दी। उनका जीवन समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डॉ प्रसाद सिरिवेला अपने सार्वजनिक संबोधनों में अक्सर माता के दिए गए जीवन मूल्यों, आदर्शों एवं प्रेरणादायक शिक्षाओं का उल्लेख करते थे, जो उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। उनकी माताजी का निधन न केवल परिवार के लिए, बल्कि उन्हें जानने वाले सभी लोगों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
कमलेश ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य, साहस एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
दिवगंत आत्मा को राजेश ठाकुर, सतीश पौल मुंजनी, अभिलाष साहू, राकेश सिन्हा, किशोर शाहदेव, गजेंद्र सिंह, सोनाल शांति, कमल ठाकुर, केदार पासवान, राजन वर्मा ने भी श्रद्धांजलि दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

