संत रविदास की 650वीं जयंती पर झारखंड में 4 अगस्त से निकलेगी कलश वंदन यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास की 650वीं जयंती पर झारखंड में 4 अगस्त से निकलेगी कलश वंदन यात्रा


रांची, 02 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत झारखंड में 4 अगस्त से कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

बाउरी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को रांची के डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ 30 सुसज्जित रथों को झारखंड के सभी 30 सांगठनिक जिलों के लिए रवाना किया जाएगा। जिलों में पहुंचने के बाद यह कलश वंदन यात्रा मंडलों, पंचायतों और गांवों के मंदिरों तक पहुंचेगी तथा समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देगी।

अमर बाउरी ने बताया कि इस भव्य अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी (काशी) की पवित्र मिट्टी युक्त कलश के साथ की गई थी। यह कलश वंदन यात्रा झारखंड सहित विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर रही है।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा संत रविदास की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए पूरे राज्य में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान के माध्यम से समाज में समरसता, समानता, सेवा और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 20 फरवरी 2027 को संत रविदास की जयंती के अवसर पर संपन्न होगा। तब तक कलश वंदन यात्रा और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य के गांव-गांव तक संत रविदास के विचारों और संदेशों को पहुंचाया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story