कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को दी गई विदाई

WhatsApp Channel Join Now
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को दी गई विदाई


रांची, 20 जून (हि.स.)।

कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के जत्थे को शनिवार को रांची हवाई अड्डे पर भावपूर्ण विदाई दी गई। यात्रा दल में श्री राम भरत मिलाप समिति के बालवीर जैन, मारवाड़ी युवा मंच रांची दक्षिण शाखा के संजय अग्रवाल, शशिभूषण सिंह, गीता देवी, चंद्रकांत सिंघानिया, कृष्णा मिश्रा और पूसन चटर्जी शामिल हैं।

सभी श्रद्धालु रांची से लखनऊ के लिए रवाना हुए, जहां से वे आगे कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री राम भरत मिलाप समिति के अध्यक्ष रोहित शारदा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में यात्रियों को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और मंगलकामनाओं के साथ यात्रा के लिए रवाना किया गया।

मौके पर रोहित शारदा ने कहा कि बाबा कैलाश के दरबार में दर्शन का अवसर मिलना महान सौभाग्य की बात है। उन्होंने सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की। वहीं मारवाड़ी युवा मंच रांची दक्षिण शाखा के अध्यक्ष ऋषभ रामपुरिया ने कहा कि भविष्य में कैलाश मानसरोवर यात्रा और अधिक सुलभ बने, इसके लिए सरकार को आवश्यक पहल करनी चाहिए। वहीं भारत-तिब्बत सहयोग मंच के अनिल केसरी ने कहा कि जिस दिन बिना वीजा और पासपोर्ट के यात्रा संभव होगी, उस दिन मंच झारखंड से एक विशेष जत्था कैलाश मानसरोवर के लिए भेजेगा।

कार्यक्रम में महेश विजय, जितेंद्र बरनवाल, रामचंद्र अग्रवाल, प्रज्ञा सोनी, खुशबू जैन, चिराग जैन, आशीष हीरो सहित कई सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story