लोक कलाकार ज्योति साहू ने जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आमरण अनशन को दिया समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
लोक कलाकार ज्योति साहू ने जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आमरण अनशन को दिया समर्थन


रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र-अभ्यर्थियों के आमरण अनशन को नागपुरी की प्रसिद्ध लोक कलाकार ज्योति साहू ने शुक्रवार को समर्थन दिया। वह जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल पहुंचीं और अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।

मीडिया से बातचीत में ज्योति साहू ने कहा कि राज्य के छात्र लंबे समय से रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार का ढुलमुल रवैया युवाओं की चिंता को और बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाओं का आयोजन, फिर उन्हें रद्द किया जाना और परीक्षा परिणामों को लेकर लगातार उठ रहे सवाल गंभीर विषय हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

ज्योति साहू ने कहा कि सरकार को इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए छात्रों की आशंकाओं का समाधान करना चाहिए। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है और न ही यह किसी सरकार को शोभा देता है।

उन्होंने छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो समेत आमरण अनशन पर बैठे सभी अभ्यर्थियों के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि वह स्वयं एक मां हैं और उपवास की पीड़ा को समझती हैं। उन्होंने कहा कि तीज और जितिया जैसे व्रत के दौरान भी कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में चार दिनों से आमरण अनशन पर बैठे छात्रों की शारीरिक और मानसिक स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

ज्योति साहू ने राज्य सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story